रांची में 30 नवंबर को होने वाले भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मैच से पहले शहर का माहौल पूरी तरह क्रिकेटमय हो गया है। शुक्रवार की रात टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और ऋषभ पंत को पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के आवास पर देखा गया।

बताया जा रहा है कि दोनों खिलाड़ी देर शाम धोनी से मिलने उनके ध्रुवा स्थित फार्महाउस पहुंचे थे।करीब दो घंटे तक चली इस मुलाकात में तीनों खिलाड़ियों ने साथ डिनर किया और लंबी बातचीत भी हुई। सूत्रों के अनुसार, धोनी ने अपने पुराने साथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। बाहर जमा फैंस इस दौरान “धोनी-धोनी” और “विराट-विराट” के नारे लगाते नजर आए।दिलचस्प बात यह रही कि जब विराट कोहली घर से लौट रहे थे, तब खुद धोनी उन्हें ड्राइव करके बाहर तक छोड़ने आए। यह नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मीडिया कर्मी मौजूद थे।

इससे पहले, दोनों टीमें जेएससीए स्टेडियम में जमकर अभ्यास कर चुकी हैं। भारतीय टीम ने नेट्स पर बल्लेबाजी और फील्डिंग की गहन तैयारी की, जबकि अफ्रीकी खिलाड़ी भी अपने कोचिंग स्टाफ के साथ रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।शनिवार को होने वाले इस रोमांचक मुकाबले को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। टिकट काउंटरों के बाहर लंबी कतारें हैं और पूरे शहर में टीम इंडिया के जयकारे गूंज रहे हैं।
रिपोर्ट
अंकित शेखावत
